Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम कैम्प कार्यालय में जिला कौशल विकास एवं अप्रेंटिसशिप समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रत्यक्ष और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना सहित जनपद में संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अप्रेंटिसशिप योजना के तहत अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों और उद्योगों को जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने प्रशिक्षित युवाओं का डेटाबेस तैयार करने तथा रोजगार मेलों और प्लेसमेंट के माध्यम से उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जिलाधिकारी ने जापानी और जर्मन भाषा के साथ व्यावसायिक कौशल का 6 से 8 माह का प्रशिक्षण शुरू कराने के निर्देश दिए। यह प्रशिक्षण जापान और जर्मनी में नर्सिंग असिस्टेंट तथा एल्डरली केयर गिवर के रोजगार अवसरों को ध्यान में रखते हुए कराया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग तथा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को पात्र बताया गया है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 21 से 35 वर्ष तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी ने नैनीताल जिले में बर्ड वॉचिंग की संभावनाओं को देखते हुए पंगोट, कोसी बैराज और नौकुचियाताल में आने वाले हिमालयी एवं प्रवासी पक्षियों की जानकारी देने वाले गाइडों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित गाइड पर्यटकों को पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवास के संबंध में वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। इसलिए स्थानीय उद्योगों और रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण ट्रेडों का चयन किया जाए, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गढ़िया, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य, आईटीआई प्रधानाचार्य नितिन शर्मा, लीड बैंक अधिकारी अमित बाजपेई, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, सचिव हिमालयन चेंबर ऑफ कॉमर्स मलय त्रिपाठी, एमबीपीजी कॉलेज के डॉ. संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
