Haldwani: नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था Lions Club Haldwani Green City ने अपने 31वें वर्ष में प्रवेश करते हुए वर्ष 2026 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया। सर्वसम्मति से एक बार फिर डॉ प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ को क्लब अध्यक्ष चुना गया।
नैनीताल रोड स्थित बीकानेर रेस्टोरेंट के विशाल सभागार में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में उपाध्यक्ष पद पर डॉ अनुज अग्रवाल और अनुज कांत अग्रवाल, जबकि महिला उपाध्यक्ष पद पर सुमन जैन निर्वाचित घोषित की गईं। निदेशक पद के लिए डॉ अभिषेक मित्तल, पंकज अग्रवाल और संजय गर्ग का चयन किया गया।
महासचिव पद पर मुकेश गुप्ता और निशुल अग्रवाल को पुनः निर्वाचित किया गया, वहीं जनसंपर्क अधिकारी की जिम्मेदारी मुकेश अग्रवाल और विजय कुमार शर्मा को सौंपी गई। कोषाध्यक्ष पद पर राखी अग्रवाल निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन प्राप्त हुए थे, किंतु डॉ प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ के नामांकन के बाद अन्य दो उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया। इस प्रकार बीते 30 वर्षों में 20वीं बार उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। चुनाव अधिकारी की भूमिका में अनुज कांत और आशीष जैन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुनः अध्यक्ष निर्वाचित होने पर डॉ प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी कार्यकाल में सामाजिक गतिविधियों को और विस्तार दिया जाएगा। निर्धन छात्राओं को स्कूल ड्रेस, कॉपी-किताबें और स्वेटर उपलब्ध कराए जाएंगे तथा कुष्ठ आश्रम में निवासियों को वस्त्र और कंबल वितरित किए जाएंगे।
चुनाव प्रक्रिया के समापन के बाद अध्यक्ष की ओर से सभी सदस्यों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में निशुल अग्रवाल, राखी अग्रवाल, अनुज कांत और मुकेश गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही। अंत में सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
