Headlines

Haldwani: मुखानी में आधी रात ज्वेलरी शोरूम पर चोरी, राधिका ज्वेलर्स में करोड़ों के गहने-नकदी उड़ाकर फरार हुए चोर

Haldwani: मुखानी में आधी रात ज्वेलरी शोरूम पर चोरी, राधिका ज्वेलर्स में करोड़ों के गहने-नकदी उड़ाकर फरार हुए चोर
शेयर करे-

Haldwani: मुखानी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कुसुमखेड़ा स्थित राधिका ज्वेलर्स का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से धावा बोलते हुए एक करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। इस बड़ी वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर दुकान के पीछे बने रास्ते से अंदर घुसे और शोरूम के बगल में चल रहे निर्माण कार्य का फायदा उठाते हुए पूरी योजना के साथ चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरों ने शोरूम में रखी नकदी भी समेट ली। इसके अलावा एक बड़ी तिजोरी को काटने का प्रयास किया गया, हालांकि वह सुरक्षित बच गई।

सुबह जब ज्वेलरी शोरूम के मालिक नवनीत शर्मा दुकान पहुंचे तो शटर खुला देख उनके होश उड़ गए। अंदर जांच करने पर चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुखानी थाना की टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच कराई। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में किसी पेशेवर चोर गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गहन जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *