Haldwani: बार एसोसिएशन हल्द्वानी के चुनाव में इस बार बड़ा राजनीतिक और पेशेवर मुकाबला देखने को मिला, जिसमें अध्यक्ष पद पर गोविंद सिंह बिष्ट ने करीब 350 वोटों से शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। उनकी इस जीत को बार एसोसिएशन के चुनावी इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
शनिवार सुबह 9 बजे से शुरू हुए मतदान में अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। जजी परिसर में पूरी रात उम्मीदवारों के समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही, जिससे चुनावी माहौल बेहद रोमांचक बना रहा।
चुनाव में अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी परिणाम सामने आए। सचिव पद पर मोहन सिंह बिष्ट ने जीत हासिल की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर ललित मेर विजयी रहे। महिला उपाध्यक्ष पद पर बसंती बिष्ट को सफलता मिली। लेखाधिकारी पद पर गौरव सिंह बिष्ट, संयुक्त सचिव पद पर सुधांशु तिवारी और संयुक्त सचिव (प्रेस) पद पर भानु कबड़वाल ने जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर गौरव कपूर निर्वाचित हुए।
इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए किशोर कुमार पंत और गोविंद सिंह बिष्ट के बीच कड़ा मुकाबला था। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए ललित मेर और जितेंद्र सिंह बिष्ट आमने-सामने थे। सचिव पद पर सौरभ बिष्ट, मोहन सिंह बिष्ट, कुंदन सिंह बिष्ट और विनीत परिहार के बीच मुकाबला हुआ। महिला उपाध्यक्ष (आरक्षित) पद पर बसंती बिष्ट और निशा आर्या ने चुनाव लड़ा।
बार एसोसिएशन के इस चुनाव में कुल 14 पदों पर प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। चुनाव परिणामों के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और जजी परिसर में जश्न का माहौल बन गया।

Chief Editor, Aaj Khabar
