Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में तेज रफ्तार बाइक का कहर, रिक्शा चालक की मौत और हादसे में बाइक सवार घायल

Haldwani: हल्द्वानी में तेज रफ्तार बाइक का कहर, रिक्शा चालक की मौत और हादसे में बाइक सवार घायल
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल मार्ग पर बेस अस्पताल के समीप मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े दस बजे एक पल्सर बाइक (नंबर यूके 04 एएन 5778) का चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए जा रहा था। इसी दौरान बाइक ने सड़क पर जा रहे एक रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार भी घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए बेस अस्पताल भिजवाया। घायल रिक्शा चालक की पहचान नरेश सिंह (25 वर्ष) पुत्र हरीश सिंह, निवासी तारा टेंट हाउस, लाल डांठ, हल्द्वानी के रूप में हुई। बेस अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं हादसे में घायल बाइक सवार सूरज बिष्ट (25 वर्ष) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट, निवासी गजर, थाना मुक्तेश्वर का उपचार चल रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण उन्हें भी बुधवार सुबह सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और रिक्शा को सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली हल्द्वानी परिसर में खड़ा कराया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हादसे की सूचना पर कोतवाली हल्द्वानी की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची, जिसमें उपनिरीक्षक कृष्ण गिरी, अपर उपनिरीक्षक मंहगा राम, कांस्टेबल जगदीश भंडारी, कांस्टेबल मोहम्मद अजहर और कांस्टेबल कमलेश नौला शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *