Headlines

Gairsain: उत्तराखंड विधानसभा में तीसरे दिन गरमाया माहौल, कानून व्यवस्था और भूमिधरी कानून पर विपक्ष की सरकार को घेरने की तैयारी

Gairsain: उत्तराखंड विधानसभा में तीसरे दिन गरमाया माहौल, कानून व्यवस्था और भूमिधरी कानून पर विपक्ष की सरकार को घेरने की तैयारी
शेयर करे-

Gairsain: उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में चल रहे बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन विपक्ष सरकार को कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और भूमिधरी कानून समेत कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार ने उनके सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिससे विपक्ष में नाराजगी है।

कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी खटीमा विधानसभा सीट, जो मुख्यमंत्री की भी सीट रही है, वहां एक किसान की करीब 125 एकड़ जमीन पर भूमाफियाओं ने कब्जा कर लिया। कापड़ी का आरोप है कि पुलिस की मदद से किसान की जमीन पर जबरन कब्जा किया गया। उन्होंने बताया कि खेत में किसान की फसल खड़ी थी, लेकिन बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर से खेत को जोत दिया गया। इस पूरे मामले पर सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने असंतोष जताया।

वहीं कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को अपनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े एक मामले को विशेषाधिकार हनन के तहत उठाया था, जिस पर सदन में काफी हंगामा हुआ। उन्होंने कहा कि अब उनके इस सवाल को आज नियम 58 के तहत सुना जाएगा।

कांग्रेस विधायक इंजीनियर रवि बहादुर ने भी पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि थानों और चौकियों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उनका कहना है कि सरकार इस हकीकत को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है, जबकि आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद ने सरकार पर धार्मिक मुद्दों को तूल देने का आरोप लगाया। उन्होंने कोटद्वार के मोहम्मद दीपक से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्कूल निर्माण से जुड़ा मुद्दा भी उठाया गया था, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया।

विपक्ष ने साफ कर दिया है कि आज सदन में नियम 310 के तहत भूमिधरी कानून का मुद्दा भी उठाया जाएगा। विपक्ष का कहना है कि जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह होना ही पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *