Haldwani: हल्द्वानी में भवन मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल ने सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर दिया है। अब आवेदकों को पुलिस, अग्निशमन, वन विभाग, ऊर्जा निगम, जल संस्थान समेत अन्य संबंधित विभागों से एनओसी लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सभी आवश्यक एनओसी ऑनलाइन माध्यम से सीधे प्राधिकरण तक पहुंचेंगी।
जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह ने बताया कि शासन और मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में भवन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया में सरलीकरण किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत आवासीय भवन मानचित्र के मामलों में संबंधित विभागों को एनओसी जारी करने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में एनओसी नहीं मिलने पर उसे डीम्ड एनओसी मानते हुए आवासीय मानचित्र स्वीकृत किया जाएगा। वहीं, व्यावसायिक भवन मानचित्रों के लिए यह अवधि 15 दिन निर्धारित की गई है। 15 दिन के भीतर एनओसी नहीं मिलने पर व्यावसायिक मानचित्र को भी डीम्ड एनओसी के आधार पर स्वीकृत किया जाएगा।
सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से प्राधिकरण स्तर पर ही भवन मानचित्र का आवेदन लिया जाएगा और आवश्यक एनओसी के लिए संबंधित विभागों को ऑनलाइन पत्र भेजे जाएंगे। विभाग अपनी रिपोर्ट या एनओसी सीधे जिला विकास प्राधिकरण को उपलब्ध कराएंगे। इससे आवेदकों की भागदौड़ कम होने के साथ ही कागजी कार्रवाई में कमी और भवन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
मनीष सिंह ने कहा कि इस ऑनलाइन व्यवस्था का उद्देश्य भवन मानचित्र स्वीकृति को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।

Chief Editor, Aaj Khabar
