Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त एक्शन, 227 को नोटिस—15 दिन में हटाएं कब्जा वरना चलेगा बुलडोजर

Haldwani: हल्द्वानी में अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त एक्शन, 227 को नोटिस—15 दिन में हटाएं कब्जा वरना चलेगा बुलडोजर
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। तीनपानी से मंगलपड़ाव और नरीमन चौराहे तक चिन्हित किए गए 227 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित लोग 15 दिन यानी एक पखवाड़े के भीतर अपने अतिक्रमण स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासन खुद कार्रवाई करेगा।

दरअसल, लंबे समय से प्रस्तावित इस सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत मार्ग को दोनों ओर 12-12 मीटर तक विस्तारित किया जाना है, ताकि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। करीब चार महीने पहले प्रशासन ने इस मार्ग पर स्थित अतिक्रमणों को चिन्हित कर लाल निशान लगाए थे और लोगों से स्वेच्छा से कब्जा हटाने की अपील की थी, लेकिन अधिकांश लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

अब प्रशासन ने अंतिम चेतावनी जारी करते हुए साफ कर दिया है कि तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, इस कार्रवाई में आने वाला पूरा खर्च भी अतिक्रमणकारियों से ही वसूला जाएगा। प्रशासन की इस सख्ती से इलाके में हड़कंप मच गया है और कई लोग अब खुद ही अतिक्रमण हटाने में जुट गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण हर हाल में पूरा किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *