Headlines

Haldwani: हल्द्वानी जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत सख्त, नकद लेनदेन से लेकर जमीन विवाद तक दिए सख्त निर्देश

Haldwani: हल्द्वानी जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत सख्त, नकद लेनदेन से लेकर जमीन विवाद तक दिए सख्त निर्देश
शेयर करे-

Haldwani:  कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के दीपक रावत ने मंगलवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण कराया। उन्होंने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तलब कर तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया।

जनसुनवाई के दौरान आयुक्त ने भूमि एवं संपत्ति से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण सलाह देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की खरीद-बिक्री में नकद लेनदेन से बचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक के माध्यम से किया गया भुगतान ही भविष्य में सबसे मजबूत प्रमाण होता है।

ऋण संबंधी मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए आयुक्त ने जनता से अपील की कि अनरजिस्टर्ड व्यक्तियों या निजी साहूकारों से कर्ज लेना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे मामलों में अत्यधिक ब्याज, अवैध दबाव और आर्थिक नुकसान की संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि केवल पंजीकृत बैंक या अधिकृत वित्तीय संस्थानों से ही ऋण लेना सुरक्षित है।

जनसुनवाई में कालाढूंगी निवासी कविता बाल्मिकी ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने अमित नामक व्यक्ति से 1.50 लाख रुपये का कर्ज लिया था और ब्याज सहित 2.50 लाख रुपये वापस करने के बावजूद उनकी जमीन अपने नाम कर ली गई। चूंकि भुगतान नकद में किया गया था, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं था। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित व्यक्ति को 2 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए, जिस पर आरोपी ने एक माह के भीतर रकम लौटाने और भविष्य में ब्याज का कार्य न करने की बात कही।

एक अन्य मामले में गीता नेगी ने भूमि खरीदने के बावजूद रजिस्ट्री न होने की शिकायत की। आयुक्त ने भू-स्वामी, डीलर और खरीदार तीनों पक्षों को सुनने के बाद 5 मई तक रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए और अवहेलना पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

पेंशन से जुड़े मामले में कुमारी खष्टी देवी ने बताया कि उनके पिता की 2018 में मृत्यु के बाद से उन्हें पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी और कोषाधिकारी को तलब कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, बनभूलपुरा निवासी मो. जाहिद ने शिकायत की कि उनके नाम पर बिना आवेदन के 80 हजार रुपये का लोन दर्ज कर दिया गया है। आयुक्त ने बैंक अधिकारियों को तुरंत बुलाकर मामले के समाधान के निर्देश दिए।

इसके अलावा राजप्रीत कौर द्वारा पारिवारिक भूमि बंटवारे में गड़बड़ी की शिकायत पर आयुक्त ने संबंधित पटवारी को खतौनी में नामों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न अन्य समस्याओं का भी मौके पर निस्तारण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *