Haldwani: बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में कल सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई को ध्यान में रखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुबह 08:00 बजे से रात 21:00 बजे तक सख्त ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है। इस दौरान पूरे जनपद में भारी मालवाहक व गैर-जरूरी सेवा वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और ऐसे सभी वाहन जनपद की सीमाओं पर ही रोक दिए जाएंगे।
रामपुर, रुद्रपुर, बरेली, किच्छा, काशीपुर, बाजपुर, सितारगंज और चोरगलिया से आने वाले किसी भी वाहन को नैनीताल जनपद में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों—पंतनगर, नगला, किच्छा, सितारगंज और खटीमा की ओर डायवर्ट किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वालों को खटीमा–टनकपुर मार्ग का उपयोग करना अनिवार्य होगा।
हल्द्वानी शहर के भीतर भी बड़े पैमाने पर रूट बदले गए हैं। रामपुर रोड, बरेली रोड, कालाढूंगी रोड, नैनीताल रोड, कैंचीधाम, भवाली और भीमताल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार रोड, नारीमन तिराहा, पंचक्की तिराहा और मंगोली–कालाढूंगी मार्ग से ही भेजा जा रहा है। शहर के कई प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
बनभूलपुरा क्षेत्र को पूरी तरह जीरो ज़ोन घोषित करते हुए सभी मार्ग—गौलापुल से ताज चौराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा, मंगलपड़ाव–घास मंडी, तिकोनिया–एसडीएम कोर्ट–प्रेम टॉकीज और इन्द्रानगर फाटक—पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। इन मार्गों पर किसी भी प्रकार का वाहन प्रवेश नहीं कर सकेगा और आवागमन केवल तीनपानी फ्लाईओवर के वैकल्पिक रास्ते से ही होगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, निर्धारित मार्गों का पालन करें और आज के दिन शहर में संभावित भारी भीड़भाड़ को देखते हुए यात्रा की योजना सोच-समझकर बनाएं।

Chief Editor, Aaj Khabar
