Haldwani: रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 2 दिसंबर को आने वाले सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से पूर्व नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड पर नजर आ रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को छावनी में बदलने की व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।
1 दिसंबर को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आईटीबीपी और सीआरपीएफ के आला अधिकारियों—डिप्टी कमांडेंट सजीत कुमार (आईटीबीपी), असिस्टेंट कमांडेंट जोगेश कुमार (सीआरपीएफ) और सहायक कमांडेंट मनमोहन सिंह (आईटीबीपी)—के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित की। बैठक में सभी बलों को हमेशा तैनाती की स्थिति में रहने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि फैसले के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अराजकता या सरकारी कार्य में बाधा को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील किया जाएगा। अत्याधुनिक हथियारों से लैस पैरामिलिट्री फोर्स, रेलवे पुलिस के साथ मिलकर तैनात रहेगी।
पूरे इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन सर्विलांस भी सक्रिय किया जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और कानून के विरुद्ध किसी भी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
