Haldwani: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झपटमारी की घटना का सफल अनावरण कर 24 घंटे के भीतर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी नशे की लत में अपराध की राह पर चल पड़े थे और उनके खिलाफ पूर्व में भी लूट, एनडीपीएस तथा आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
घटना 30 अक्टूबर की सुबह की है, जब पिथौरागढ़ निवासी ललित सिंह भंडारी से दो अज्ञात व्यक्तियों ने रोडवेज स्टेशन के पास मोबाइल और ₹25,000 की नकदी लूट ली थी। इस संबंध में थाना हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने लगातार प्रयासों के बाद नगरपालिका ग्राउंड के पास से आरोपियों आकाश कुमार और अजीम अली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल और नकदी बरामद की।
पूछताछ में दोनों ने नशे की लत के कारण अपराध करने की बात कबूल की। एसएसपी ने इसे नशे के दुष्परिणाम बताते हुए कहा कि समाज को इस बुराई के खिलाफ जागरूक होने की आवश्यकता है। साथ ही पुलिस टीम को उत्कृष्ट कार्य हेतु ₹500 का नगद पुरस्कार घोषित किया गया।

Chief Editor, Aaj Khabar
