Headlines

Haldwani: जिलाधिकारी ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को दी प्राथमिकता, श्रमिकों के हित में योजनाओं के निर्देश

Haldwani: जिलाधिकारी ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को दी प्राथमिकता, श्रमिकों के हित में योजनाओं के निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में जिला खनन न्यास निधि से संबंधित बैठक में कहा कि निधि से होने वाले कार्यों की प्रथम प्राथमिकता खनन प्रभावित क्षेत्रों के श्रमिकों और उनके परिजनों के हित में हो। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों को आधुनिक शिक्षा, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण, साथ ही मनोरंजन और खेल संसाधनों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निधि की धनराशि का उपयोग केवल खनन प्रभावित क्षेत्रों में किया जाएगा। इन क्षेत्रों में पेयजल, प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कौशल विकास, कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन से जुड़ी योजनाएं प्रस्तावित की जाएं, ताकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।

उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए कि क्रेशर संचालन से उत्पन्न धूल और प्रदूषण की समस्या को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जाए, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर असर न पड़े।

बैठक के दौरान रयाल ने कहा कि विभागों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जाए, ताकि आवश्यक कार्य प्रथम चरण में पूरे हो सकें। उन्होंने सड़कों, सिंचाई, महिला एवं बाल कल्याण और वृद्धजन कल्याण से जुड़ी परियोजनाओं के प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी प्रस्ताव स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर तैयार किए जाएं और इनमें किसी भी प्रकार की पुनरावृत्ति न हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय, शैलेन्द्र नेगी, जिला खान अधिकारी ताजवर सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *