Haldwani: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लापता किशोरों को चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच तल्ली बमोरी निवासी 13 वर्षीय प्रियांशु सक्सैना, मुखानी चौराहा निवासी 15 वर्षीय प्रदीप सागर और निशांत विहार निवासी 16 वर्षीय ध्रुव कश्यप घर से एक साथ निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर चिंतित परिजनों ने बुधवार तड़के करीब 4 बजे हीरानगर चौकी पहुंचकर बच्चों की गुमशुदगी की सूचना दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें तीनों किशोर मुखानी क्षेत्र की ओर पैदल जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार उनकी लोकेशन ट्रैक की और कुछ ही घंटों के भीतर थाना मुखानी क्षेत्र से तीनों को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस तीनों किशोरों को थाने लेकर पहुंची, जहां उनके परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक काउंसलिंग की गई। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को सुरक्षित उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अभियान में हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल मनोज टम्टा, कांस्टेबल राहुल यादव और कांस्टेबल राकेश कंडारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Chief Editor, Aaj Khabar
