Headlines

Bhimtal: धारी जनसेवा शिविर में 510 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 107 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

Bhimtal: धारी जनसेवा शिविर में 510 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 107 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण
शेयर करे-

Bhimtal: धारी क्षेत्र में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में 510 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि प्राप्त 148 शिकायतों में से 107 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 202 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। आयुर्वेद विभाग ने 80 तथा होम्योपैथी विभाग ने 44 लाभार्थियों को औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 8 पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की।

कृषि विभाग ने किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि टूलकिट योजना की जानकारी देते हुए 11 किसानों का चयन किया। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री और विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई। किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और सोलर फेंसिंग की मांग उठाई, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने प्रत्येक विकासखंड के पांच गांवों में प्रथम चरण में तारबाड़, सोलर फेंसिंग और सोलर लाइटिंग कार्य शुरू कराने की घोषणा की।

मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि, उद्यान और पशुपालन विभागों को किसानों के बीच जाकर योजनाओं का लाभ पहुंचाने, बकरी पालन और गोट वैली की अवधारणा को बढ़ावा देने तथा हरेला पर्व से मानसून तक पौध वितरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान कूड़ा उठान, आवारा गोवंश, जंगली जानवरों से फसल नुकसान, राशन कार्ड संबंधी समस्याएं और छात्रवृत्ति पंजीकरण जैसे मुद्दे भी उठाए गए। संबंधित मंत्री ने ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति का संयुक्त सर्वे कर पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश दिए। साथ ही भीमताल क्षेत्र के गांवों में छात्रवृत्ति और राशन कार्ड संबंधी विशेष शिविर लगाने के निर्देश भी दिए।

च्यूरीगाड़ जूनियर हाई स्कूल में शिक्षक स्थानांतरण का मामला सामने आने पर मंत्री ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से तत्काल वार्ता कर संबंधित शिक्षक की पुनः तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भेजे गए 32 प्रस्तावों में से 17 को स्वीकृति मिल चुकी है और बरसात समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक दल रिमझिम कर्माचल ने लोकगीतों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *