Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, एसडीएम और तहसीलदार ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

Haldwani: हल्द्वानी में भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, एसडीएम और तहसीलदार ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
शेयर करे-

Haldwani: लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका और तहसीलदार कुलदीप पांडे ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न जलभराव संभावित एवं संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने गौला पुल, फतेहपुर, दमुवाढूंगा, राजपुरा, कुसुमखेड़ा समेत नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान गौला नदी के जलस्तर की स्थिति का जायजा लेते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों ने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर यातायात और आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।

प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया गया। लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों के किनारे न जाने और बच्चों को विशेष रूप से नदी-नालों से दूर रखने की अपील की गई।

एसडीएम मोनिका ने बताया कि जिला प्रशासन भारी बारिश को लेकर पूरी तरह सतर्क है। तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *