Headlines

Nainital: भारी बारिश के बीच मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के दिए निर्देश, बंद मोटर मार्गों को जेसीबी-पोकलैंड से तत्काल खोलने और जलभराव की समस्या दूर करने को कहा

Nainital: भारी बारिश के बीच मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के दिए निर्देश, बंद मोटर मार्गों को जेसीबी-पोकलैंड से तत्काल खोलने और जलभराव की समस्या दूर करने को कहा
शेयर करे-

Nainital: उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर जिले में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, कई मोटर मार्ग बंद हो रहे हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन से ग्रामीणों के घरों को खतरा पैदा हो रहा है।

मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी बारिश के दौरान शहरों में जलभराव और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आपदा की स्थिति में बंद होने वाले मोटर मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के लिए तत्काल जेसीबी और पोकलैंड मशीनें मौके पर भेजी जाएं।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-बड़े नालों की सिल्ट और मलबे की सफाई कराने तथा भारी बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिन मुख्य मार्गों और चौराहों पर जलभराव की समस्या रहती है, वहां ड्रेनेज व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने को कहा।

भूस्खलन की आशंका वाले पर्वतीय और ढलान वाले क्षेत्रों में मलबा हटाने के लिए पर्याप्त मशीनरी तैनात रखने के साथ ही बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बिजली के पोल या तार क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में तत्काल रिस्पॉन्स टीम भेजने तथा पेयजल लाइनें प्रभावित होने पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मंत्री कैड़ा ने स्वास्थ्य विभाग को भी भारी बारिश के दौरान पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि आपदा के समय किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बरसात के दौरान अधिकारियों की लापरवाही या सुस्ती के कारण यदि जनता को परेशानी होती है अथवा मोटर मार्ग लंबे समय तक बंद रहते हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समर्पित कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने भारी बारिश के बीच भीमताल विधानसभा क्षेत्र के कोकिलबना, दाड़ीम, गहना, पोखरी, धारी, अनोठी समेत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की और आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को फोन कर ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि भीमताल क्षेत्र में नाले में बहने से एक बच्ची की मृत्यु हुई है। उन्होंने मृतक बच्ची के परिजनों को आपदा मद से नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *