Nainital: नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी श्री गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार को अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह सेकंड सैटरडे के दिन हल्द्वानी स्थित अपने घर से बाइक लेकर मीडिया सेंटर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट करने के लिए किक मारी, इसी दौरान उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया और वह कुछ ही क्षणों में दुनिया को अलविदा कह गए।
जोशी जी के आकस्मिक निधन की खबर सामने आते ही पत्रकार जगत और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने मिलनसार, सहज और जिंदादिल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार उन्हें सबसे अलग बनाता था।
पत्रकारों के साथ उनका व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक और अपनत्व भरा रहा। उनके असमय चले जाने से पत्रकारिता जगत में एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
अपने कार्यकाल के दौरान जोशी जी हल्द्वानी में पत्रकारों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाने में भी सक्रिय रहे। हल्द्वानी में नए मीडिया सेंटर की नींव और पत्रकारों के लिए प्रस्तावित गेस्ट हाउस जैसी महत्वपूर्ण पहल उनके कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रहेंगी। यूं कहें कि जाते-जाते भी वह पत्रकारों के लिए एक ऐसी विरासत छोड़ गए, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उनके निधन पर जिला सूचना कार्यालय, सहकर्मियों, अधिकारियों, पत्रकारों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
आज खबर की पूरी टीम भी श्री गिरिजा शंकर जोशी जैसे ईमानदार, सरल और नेकदिल इंसान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

Chief Editor, Aaj Khabar
