Nainital: अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। विभाग ने 11 सितंबर को रामनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग और छापेमारी करते हुए 125 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की, जबकि करीब 12 हजार किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट किया गया।
आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल और संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल के.के. कांडपाल के निर्देशों तथा सहायक आबकारी आयुक्त हरीश जोशी के नेतृत्व में यह अभियान 3 सितंबर से चलाया जा रहा है। विभाग के अनुसार, 3 से 11 सितंबर तक कुल 14 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 478 लीटर अवैध शराब जब्त करने के साथ करीब 40 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया गया है।
इसी क्रम में 11 सितंबर को जनपदीय प्रवर्तन दल नैनीताल, क्षेत्र-3 रामनगर और कुमाऊं मंडल की टीमों ने तुमरिया डैम क्षेत्र में छापेमारी की। इसके अलावा हल्दुआ बैरियर पर वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। आबकारी निरीक्षक मनोहर पतियाल, धीरेंद्र सिंह बिष्ट और रुचिका कांडपाल की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान हल्दुआ बैरियर और अन्य मार्गों पर 51 बाहरी प्रदेशों के वाहनों की जांच की गई। वहीं, अवैध शराब निर्माण की आशंका वाले तुमरिया डैम समेत अन्य क्षेत्रों में 11 स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 3 अभियोग दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। शराब माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विभाग की ओर से और सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
