Haldwani: हल्द्वानी के डहरिया, रामपुर रोड क्षेत्र में पांच सितंबर को एक महिला के दोनों बेटे अलग-अलग कमरों में बेहोशी की हालत में मिले। परिवार ने दोनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब 30 घंटे बाद उन्हें होश आया।
इसके बाद महिला जब घर पहुंची और सामान देखा तो अलमारी से करीब 7.50 लाख रुपये नकद और लगभग 7 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण गायब मिले। हैरानी की बात यह रही कि अलमारी की चाबियां अपनी जगह पर ही थीं।
महिला के मुताबिक, दोनों बेटों का अलग-अलग कमरों में बेहोश मिलना और उसके बाद घर से लाखों की नकदी व जेवर गायब होना कई सवाल खड़े करता है। उन्हें आशंका है कि वारदात में किसी करीबी का हाथ हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते महिला पुलिस को तहरीर देने में देरी होने की बात कही गई है। अब उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर नकदी और जेवर बरामद कराने तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासा करने की बात कही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
