Headlines

Haldwani: एमबीपीजी कॉलेज में लिंगदोह कमेटी की बैठक, छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रत्याशियों को सख्त दिशा-निर्देश

Haldwani: एमबीपीजी कॉलेज में लिंगदोह कमेटी की बैठक, छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रत्याशियों को सख्त दिशा-निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में लिंगदोह कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने की।

बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कॉलेज प्रशासन और छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी शामिल हुए। इस दौरान सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी के निर्धारित नियमों एवं अनिवार्य मापदंडों का पालन करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने प्रत्याशियों से नियमों का भली-भांति अध्ययन कर निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप ही चुनाव प्रचार एवं अन्य गतिविधियां संचालित करने को कहा।

बैठक में कॉलेज में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि जो व्यक्ति कॉलेज में अध्ययनरत नहीं हैं, उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वहीं, कॉलेज के छात्रों को भी बिना वैध पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

चुनाव प्रचार को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार अथवा कार्यक्रम आयोजित करने से पहले कॉलेज प्रशासन से कम से कम एक दिन पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

प्रचार सामग्री को लेकर भी प्रतिबंध तय किए गए हैं। कॉलेज परिसर अथवा उसके बाहर प्रिंटेड पोस्टर लगाने पर रोक रहेगी। प्रचार के लिए केवल हाथ से बनाए गए पोस्टर एवं पंपलेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

इसके अलावा कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर किसी भी प्रकार की रैली आयोजित करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। रात्रि के समय कॉलेज परिसर में घूमने या प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों को छात्र के बजाय एक आम नागरिक का कृत्य मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान सभी उपस्थित संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी तथा विश्वविद्यालय की ओर से जारी संविधान एवं चुनाव संबंधी निर्देशिका वितरित की गई। प्रत्याशियों से निर्देशिका प्राप्त करने के संबंध में हस्ताक्षर भी करवाए गए।

एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने छात्रसंघ चुनाव में सभी पक्षों से निर्धारित नियमों का पालन करने और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एबी बाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, एमबीपीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बनकोटी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, डॉ. मनीषा तिवारी, छात्रसंघ प्रभारी डॉ. एलएम पांडे, डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. एचएस भाकुनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिसूचना मनोज कुमार सहित छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *