Nainital: नैनीताल जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले में अब तक 127 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 18 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमण से अब तक चार मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें दो मृतक नैनीताल जिले, जबकि एक-एक मरीज बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के थे।
सीएमओ नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के अनुसार, पॉजिटिव मरीजों में अधिकांश नैनीताल जिले के हैं, जबकि पांच मरीज अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर से तथा दो मरीज अन्य राज्यों से हैं। सभी संक्रमित मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू को लेकर जिले के अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड रिजर्व किए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। दूसरे जिलों के संक्रमित मरीज भी उपचार के लिए नैनीताल पहुंच रहे हैं, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों की व्यवस्थाओं और मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि सात दिन से अधिक समय तक खांसी, बुखार, जुकाम या अन्य लक्षण बने रहने पर इसे सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसे लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सा इकाई में जांच कराने की सलाह दी गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
