Haldwani: शहर में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से सड़क चौड़ीकरण का अभियान एक बार फिर तेज हो गया है। गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने ऊंचापुल चौराहे के पास सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे दो अवैध मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया गया कि दोनों मकान सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए थे और सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे थे।
अधिकारियों के अनुसार दोनों मकान काफी बड़े होने के कारण उन्हें पूरी तरह ध्वस्त करने की कार्रवाई में समय लगेगा और यह प्रक्रिया कई दिनों तक चल सकती है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ऊंचापुल चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि शहर के कई इलाकों में सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है। प्रशासन द्वारा लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वे अपने अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा और आवश्यकता पड़ने पर बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा।


Chief Editor, Aaj Khabar
