Haldwani: हल्द्वानी में 15 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार छात्रा 1 जुलाई की सुबह तिकोनिया स्थित स्कूल के लिए घर से निकली थी। उसे स्कूल के मुख्य गेट पर छोड़ा गया, लेकिन वह स्कूल के अंदर नहीं पहुंची। छुट्टी के समय जब पिता उसे लेने पहुंचे तो स्कूल प्रशासन ने बताया कि छात्रा कक्षा में आई ही नहीं थी।
परिजनों का आरोप है कि एक अज्ञात युवक छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उनका कहना है कि छात्रा घर से लाखों रुपये के सोने के जेवर, 10 हजार रुपये नकद और कुछ कपड़े भी साथ ले गई, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।
मामले की जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर एक अज्ञात युवक छात्रा को नीले रंग की स्कूटी (एमपी-15 एमआर-0436) पर अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद परिवार ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए छात्रा की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, स्कूटी नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छात्रा की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
