Headlines

Rudrapur: गौकशी मामले में फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, 17 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद

Rudrapur: गौकशी मामले में फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, 17 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद
शेयर करे-

Rudrapur: उधम सिंह नगर के गदरपुर में करीब एक माह पहले सामने आए चर्चित गौकशी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए पहले बाजपुर अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिला अस्पताल पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि करीब एक माह पूर्व गदरपुर क्षेत्र में गौकशी का मामला सामने आया था। जांच के दौरान रेंज स्तरीय गौवंश स्क्वाड टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी, जहां आरोपियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी थी। उस समय पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। इसी बीच एसओजी को सूचना मिली कि फरार आरोपी मोईन ग्राम कनौरा के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी चार राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 17 किलो प्रतिबंधित मांस, एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोईन के रूप में हुई है।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही गौकशी प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *