Headlines

Haldwani: हल्द्वानी के तिकोनिया स्पा सेंटर में कथित सेक्स रैकेट का खुलासा, मैनेजर समेत 4 गिरफ्तार और 6 महिलाएं रेस्क्यू

Haldwani: हल्द्वानी के तिकोनिया स्पा सेंटर में कथित सेक्स रैकेट का खुलासा, मैनेजर समेत 4 गिरफ्तार और 6 महिलाएं रेस्क्यू
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर स्पा सेंटर की मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए।

पूछताछ में कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें रोजगार और अधिक आय का लालच देकर इस धंधे में शामिल किया गया। उन्होंने स्पा संचालक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर दबाव बनाकर देह व्यापार कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और ग्राहकों के रिकॉर्ड से जुड़े रजिस्टर बरामद किए। बरामद सामग्री को साक्ष्य के रूप में जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस ने स्पा सेंटर से छह महिलाओं को रेस्क्यू किया है। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, नेपाल और अन्य क्षेत्रों की महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं। सभी महिलाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और फरार संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *