Haldwani: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रविवार को हल्द्वानी स्थित गौलापुल के पास क्षतिग्रस्त टनकपुर-सितारगंज मार्ग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
गौरतलब है कि पिछले साल हुई भारी बारिश के कारण गौला पुल के पास सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया था, जिससे गौलापार, सितारगंज और टनकपुर जैसे क्षेत्रों में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अब पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क को वैकल्पिक दिशा में बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके लिए 100 से अधिक शीशम के पेड़ काटे जा चुके हैं।
हरीश रावत ने चेतावनी दी कि यदि आगामी मानसून से पहले सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं और कई इलाकों का संपर्क पूरी तरह टूट सकता है। उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात करने की बात भी कही।
इसके साथ ही हरीश रावत ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए अपनी यात्रा को “संस्कृतिक दर्शन यात्रा” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 2017 और 2022 के चुनाव झूठ के बल पर जीते और मुस्लिम यूनिवर्सिटी जैसे मुद्दों पर राज्य में भ्रम फैलाया। उन्होंने कहा कि वह काली कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को भाजपा की सच्चाई से अवगत कराएंगे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
