Haldwani: मंगलवार शाम तेज बारिश ने जहां शहरवासियों को गर्मी से राहत दी, वहीं कई क्षेत्रों में जल भराव की समस्या सामने आई। शहर के कई हिस्सों में जल निकासी अवरुद्ध हो गई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, एसडीएम राहुल शाह और नगर निगम की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लालडांठ, देवखड़ी, रकसिया नाला, हाइडल रोड, तिकोनिया चौराहा और हीरानगर जैसे इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पार्षद शैलेन्द्र दानू भी उनके साथ मौजूद रहे।
जल भराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने जेसीबी मशीनों और सफाई कर्मियों की टीमों को तत्काल कार्रवाई में लगाया। कई जगहों से मलबा और गंदगी हटाई गई ताकि जल निकासी बहाल हो सके। अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और समय-समय पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी अधिकारियों को आगामी मानसून को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल भराव की संभावनाओं वाले क्षेत्रों में पूर्व तैयारियों को प्राथमिकता दी जाए।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि नालियों में प्लास्टिक और कूड़ा फेंकने के कारण पहली बारिश में जल भराव होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नालियों में कचरा न डालें और सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।
फिलहाल शहर में जल भराव की स्थिति नियंत्रण में है। नगर निगम की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी और राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
