Headlines

Nainital: नशे में होटल का शीशा तोड़ा, खुद ही हुआ लहूलुहान, लगे 70 टांके

Nainital: नशे में होटल का शीशा तोड़ा, खुद ही हुआ लहूलुहान, लगे 70 टांके
शेयर करे-

Nainital: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल में महाराष्ट्र से घूमने आए एक पर्यटक ने शराब के नशे में होटल में जमकर हंगामा किया। आरोपी पर्यटक ने अपनी कोहनी से होटल के मुख्य गेट का शीशा तोड़ दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। डॉक्टरों को उसके हाथ में 70 टांके लगाने पड़े। पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घटना मंगलवार शाम मल्लीताल क्षेत्र के मोहन-को चौक के पास स्थित एक होटल की है। यहां महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से आया 33 वर्षीय अविनाश बनसोडे नामक पर्यटक अपने कमरे में शराब पीने के बाद अर्धनग्न अवस्था में नंगे पैर होटल के रिसेप्शन में पहुंच गया। होटल स्टाफ ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।

इस बीच कहासुनी और विवाद काफी देर तक चलता रहा। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, जब स्टाफ ने उसे बाहर जाने से रोका, तो उसने गुस्से में आकर कांच के दरवाजे पर जोरदार प्रहार कर उसे तोड़ डाला। इस दौरान उसकी कोहनी बुरी तरह कट गई और वह लहूलुहान स्थिति में होटल से बाहर निकलकर सड़क पर जाकर बैठ गया।

जब अविनाश को अपनी गंभीर चोट और खून बहने का एहसास हुआ, तो वह राहगीरों से अस्पताल का रास्ता पूछने लगा। स्थानीय लोगों और होटल प्रबंधन की मदद से उसे बी.डी. पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए उसके हाथ में 70 टांके लगाए। इसके बाद उसे गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर नैनीताल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

होटल प्रबंधक प्रदीप बोरा ने बताया कि अविनाश अपने सात अन्य साथियों के साथ आया था और सभी दिनभर सामान्य थे। लेकिन शाम होते-होते अविनाश ने शराब के नशे में हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि ये पर्यटक महाराष्ट्र पुलिस से संबंधित हैं और निजी यात्रा पर नैनीताल आए थे।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *