Haldwani: हल्द्वानी से हल्दुचौड़ के बीच गोरापड़ाव बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अव्यवस्थित कट ने एक और जिंदगी निगल ली। मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौलापार क्षेत्र के नवाड़खेड़ा बागजाला निवासी 30 वर्षीय कन्नू सिंह बिष्ट अपनी पत्नी, पुत्र और पुत्री के साथ स्कूटी से किच्छा निवासी अपने साले के घर हरेला पर्व की शुभकामनाएं देने जा रहे थे। जैसे ही वह गोरापड़ाव बाजार के पास स्थित हाईवे कट पर पहुंचे, सामने से आ रहे भारत पेट्रोलियम के तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कन्नू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अलग-अलग वाहनों से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है। गोरापड़ाव के वरिष्ठ समाजसेवी गोपाल सिंह अधिकारी ने कहा कि हाईवे पर बना यह अव्यवस्थित कट यथाशीघ्र बंद किया जाए, अन्यथा ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। वहीं प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल मोटाहल्दू के अध्यक्ष संदीप पांडे ने भी चेतावनी दी कि अगर हल्दुचौड़ से तीनपानी तक बने बेतरतीब कटों को बंद नहीं किया गया, तो व्यापारी और ग्रामीण संयुक्त आंदोलन छेड़ेंगे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

