Haldwani: हल्द्वानी से रुद्रपुर को जोड़ने वाले दिल्ली हाईवे पर टांडा रेलवे क्रॉसिंग के पास बने गहरे गड्ढे अब बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। रेलवे की लापरवाही के चलते लंबे समय से सड़क की हालत खराब बनी हुई है, जिससे रोजाना हजारों वाहनों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने ब्रिडकुल के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क पर बने गड्ढों को भरने की जिम्मेदारी रेलवे की है, लेकिन ठेकेदार का चयन न होने के कारण अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है।
कमिश्नर ने बताया कि इससे पहले ब्रिडकुल द्वारा इस सड़क पर हॉट मिक्स का कार्य कराया गया था, लेकिन अभी तक सड़क को पीडब्ल्यूडी को हैंडओवर नहीं किया गया है। इस कारण कार्य में देरी हो रही है और समस्या जस की तस बनी हुई है।
दीपक रावत ने पीडब्ल्यूडी विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि रेलवे से जल्द एनओसी प्राप्त कर मरम्मत कार्य तत्काल शुरू किया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त है और रोजाना यहां से भारी संख्या में वाहन गुजरते हैं, ऐसे में सड़क की खराब स्थिति कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

Chief Editor, Aaj Khabar
