Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में हुकम सिंह कुंवर का भव्य सम्मान समारोह, राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को दी नई दिशा

Haldwani: हल्द्वानी में हुकम सिंह कुंवर का भव्य सम्मान समारोह, राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को दी नई दिशा
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) हुकम सिंह कुंवर का शनिवार को हल्द्वानी नगर निगम सभागार में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उनका अभिनंदन किया।

समारोह में मण्डी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हल्द्वानी महापौर गजराज सिंह बिष्ट और मीडिया सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला सहित कई प्रमुख वक्ताओं ने हुकम सिंह कुंवर को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि राज्य आंदोलन में हुकम सिंह कुंवर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके नेतृत्व में परिषद राज्य आंदोलनकारियों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगी।

अपने संबोधन में हुकम सिंह कुंवर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि उन हजारों राज्य आंदोलनकारियों का है जिन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष किया। उन्होंने खटीमा, मुजफ्फरनगर और मसूरी के शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदान के कारण ही उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो पाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिषद राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान, पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और परिषद के माध्यम से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए। वहीं डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने विश्वास जताया कि हुकम सिंह कुंवर के नेतृत्व में परिषद नई ऊर्जा और संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी।

ध्रुव रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आंदोलनकारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और परिषद के माध्यम से उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में रामनगर, खटीमा, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों और राज्य आंदोलनकारियों ने भी भाग लिया। उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ एवं सम्मान चिह्न भेंट कर हुकम सिंह कुंवर का अभिनंदन किया। समारोह का समापन उत्तराखंड राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *