Headlines

Nainital: कैंची धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी के दर्शन

Nainital: कैंची धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब, 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी के दर्शन
शेयर करे-

Nainital: विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम के स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले में शनिवार को आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा नजर आया और अब तक 25 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। यातायात को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए भवाली स्थित फॉरेस्ट बैरियर को शटल सेवा का मुख्य केंद्र बनाया गया है। यहां से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से आगे भेजा जा रहा है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि फॉरेस्ट बैरियर से आगे कैंची धाम तक श्रद्धालु पैदल यात्रा करें, जिससे मार्ग पर भीड़ का दबाव कम रहे और भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मेले की सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संभाल रखी है। एसएसपी लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कैंची मेले के लिए बनाए गए मुख्य कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां तैनात कर्मचारियों को हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा एसएसपी ने फॉरेस्ट बैरियर समेत विभिन्न संवेदनशील स्थलों का दौरा कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस कर्मियों को सेवा भाव के साथ ड्यूटी करने, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने तथा भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के बीच कैंची धाम मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हो रहा है। श्रद्धालु पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर रहे हैं, जबकि मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *