Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में आईसीएमएआई परीक्षा केंद्र की स्थापना से खुलेंगे अवसरों के नए द्वार, कुमाऊं के विद्यार्थियों को बड़ी राहत

Haldwani: हल्द्वानी में आईसीएमएआई परीक्षा केंद्र की स्थापना से खुलेंगे अवसरों के नए द्वार, कुमाऊं के विद्यार्थियों को बड़ी राहत
शेयर करे-

Haldwani: कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) की काउंसिल ने दिसंबर 2025 सत्र से हल्द्वानी में नया परीक्षा केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है। यह निर्णय उत्तराखण्ड के उन हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जिन्हें अब तक देहरादून या हरिद्वार जैसे दूरस्थ शहरों में परीक्षा देने के लिए सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती थी।

कुमाऊं क्षेत्र के वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों को इस फैसले से विशेष लाभ मिलेगा। अब वे अपने क्षेत्र में ही पेशेवर परीक्षा दे सकेंगे, जिससे CMA कोर्स के प्रति जागरूकता, नामांकन और करियर अवसरों में वृद्धि होगी।

सीएमए जीवन चन्द्र “कलखुंडिया”, नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल (ICMAI) के सदस्य ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि संसद अधिनियम, 1959 के अंतर्गत स्थापित संस्थान ने कुमाऊं की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार कर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए नई राह खोली है। उन्होंने कहा कि इससे संस्थान को प्रदेश में कैरियर काउंसिलिंग, औद्योगिक संवाद और विद्यार्थी सहभागिता बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि CMA कोर्स देश का एक प्रतिष्ठित और सुलभ व्यावसायिक कार्यक्रम है, जो वित्त, प्रबंधन और लागत लेखा में उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि भारत की अनेक शीर्ष कंपनियों और सरकारी उपक्रमों में CMA पेशेवर महत्वपूर्ण वित्तीय पदों पर कार्यरत हैं।

जीवन चन्द्र “कलखुंडिया” ने इस निर्णय को उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि इससे प्रदेश के आर्थिक विकास में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने आईसीएमएआई परीक्षा परिषद एवं संस्थान की काउंसिल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस लंबे समय से लंबित मांग को साकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *