Haldwani: नैनीताल पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसओजी और चोरगलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरजनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में 27 जून को एमवीआर गेट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद (30 वर्ष), निवासी ग्राम नकुलिया, थाना सितारगंज, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 30/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो देशी तमंचे (12 बोर) और छह जिंदा कारतूस, तथा छह देशी तमंचे (315 बोर) और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। इस सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
