Nainital: नैनीताल पुलिस ने ईमानदारी, तत्परता और मानवता की मिसाल पेश करते हुए दो अलग-अलग मामलों में यात्रियों का लाखों रुपये मूल्य का खोया सामान सुरक्षित बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया। एक मामले में मुखानी पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से जेवरात, नकदी और मोबाइल से भरा बैग चंद घंटों में खोज निकाला, जबकि दूसरे मामले में कैंची धाम में ड्यूटी पर तैनात सीपीयू कर्मियों ने एक बुजुर्ग महिला का नकदी, सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पर्स सुरक्षित लौटाया।
पहले मामले में पिथौरागढ़ निवासी डूंगर सिंह ने थाना मुखानी में यात्रा के दौरान बैग खोने की सूचना दी। बैग में तीन मोबाइल फोन, 24 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य जरूरी सामान रखा था। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुशील जोशी के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन का रूट ट्रेस किया। जांच के दौरान दो स्थानीय नागरिकों प्रदीप कुमार सागर और अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें कालाढूंगी रोड पर बैग मिला था, जिसे उन्होंने ईमानदारी से थाना मुखानी में जमा करा दिया। पुलिस ने सत्यापन के बाद बैग में रखा पूरा सामान सुरक्षित डूंगर सिंह को सौंप दिया।
दूसरी घटना रविवार को कैंची धाम की है, जहां ड्यूटी पर तैनात सीपीयू के उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह राणा और कांस्टेबल रोहित सिंह को सड़क किनारे एक लावारिस पर्स मिला। जांच में पर्स से 30 हजार रुपये नकद, सोने की कान की बालियां, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले। आधार कार्ड के जरिए पुलिस ने ग्रेटर नोएडा निवासी सोनाली देवी से संपर्क किया, जो बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के दौरान पर्स खो बैठी थीं। पुलिस ने उनका पर्स सकुशल वापस सौंप दिया।
दोनों मामलों में अपना खोया सामान वापस मिलने पर यात्रियों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
