Haldwani: शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उड़ीसा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में 14180 स्थलों पर भारत की पहली स्वदेशी 4G सेवाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ग्राम बसानी में भी 4G नेटवर्क का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि इस क्षेत्र में संचार सुविधाओं को लेकर लंबे समय से समस्याएं रही थीं, जिनका समाधान अब मिल गया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के स्वदेशी अभियान का बड़ा कदम बताया और कहा कि इस सेवा से ग्रामीणों को बैंकिंग, शिक्षा, कृषि व अन्य क्षेत्रों में सीधा लाभ मिलेगा।
बीएसएनएल कुमाऊं मंडल के प्रधान महाप्रबंधक संजय प्रसाद ने जानकारी दी कि कुमाऊं के दूरस्थ क्षेत्रों में 245 स्वदेशी 4G टॉवर लगाए जा रहे हैं, जिनमें से 231 स्थापित हो चुके हैं और शेष जल्द ही शुरू हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आधुनिक संचार सुविधाओं को मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य छवि कांडपाल बोरा, ग्राम प्रधान दीपा आर्या, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती, बीएसएनएल अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक ललित मोहन तिवारी ने किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
