Haldwani: ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया द्वारा मान्यता प्राप्त जुजित्सु एशियन यूनियन के तत्वावधान में जॉर्डन की राजधानी अम्मान में 22 मई से शुरू हो रही “नवीं एशियन जुजित्सु चैंपियनशिप 2025” के लिए 40 सदस्यीय भारतीय दल बुधवार को रवाना हो गया।
जुजित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निदेशक सतीश जोशी ने जानकारी दी कि यह प्रतियोगिता 22 से 26 मई तक आयोजित की जाएगी, जिसमें भारत के 35 खिलाड़ी और 5 अधिकारी भाग लेंगे। इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में एशिया के 27 देशों के 1200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
भारतीय टीम में उत्तराखंड के कुल 9 खिलाड़ी शामिल हैं जो देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। टीम के मुख्य कोच विनय कुमार जोशी और टीम मैनेजर अमित अरोड़ा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तराखंड से जिन खिलाड़ियों को टीम में स्थान मिला है, उनमें हल्द्वानी की नव्या पांडे, वैभव पड़ियार, ममता उपाध्याय, देहरादून के शुभम कुमार, हरिद्वार के करुणानिधि पांडे, रुद्रपुर की रूनु शर्मा, आकृति कौर, क्षितिज सिंह और जसपुर की काजल सिंह प्रमुख हैं।
भारतीय खिलाड़ी चैंपियनशिप में नेवाजा, फाइटिंग, कॉन्टैक्ट और डुओ शो जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेंगे।
इस उपलब्धि पर सांसद एवं पूर्व रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, उपनिदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सूद, हरीश कोठारी, श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, ऋषिपाल भारती, रवि मोहन अग्रवाल, ध्रुव रौतेला और सुरेश पांडे समेत अनेक गणमान्य लोगों एवं खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
