Headlines

Haldwani: राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की मेस फिर विवादों में, छात्रों को परोसे गए खाने में मिले कीड़े

Haldwani: राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की मेस फिर विवादों में, छात्रों को परोसे गए खाने में मिले कीड़े
शेयर करे-

Haldwani: राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की मेस एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। ताज़ा मामले में मंगलवार को एमबीबीएस द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्रों को परोसे गए भोजन में कीड़े पाए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे कॉलेज प्रशासन और मेस प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

छात्रों का आरोप है कि छोले की सब्जी में साफ तौर पर कीड़े नजर आए। जैसे ही यह जानकारी फैली, कई छात्रों ने खाना छोड़कर मेस प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।

मेस संचालक मोहित गुप्ता ने सफाई देते हुए कहा कि छोले को पकाने से पहले अच्छे से धोया गया था और उस समय कीड़े नहीं दिखे। शिकायत मिलते ही तुरंत सब्जी परोसना बंद कर दिया गया और दाल बनवाई गई।

गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी में भी मेस में बासी भोजन और एक्सपायरी डेट के चावल व मसालों के इस्तेमाल का मामला सामने आया था। तब भी छात्रों ने विरोध किया था, लेकिन सुधार के दावे धरातल पर नजर नहीं आए।

कॉलेज के वित्त नियंत्रक एसपी सिंह ने जानकारी दी कि मेस संचालन के लिए नई टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब तक नौ निविदाएं प्राप्त हो चुकी हैं और उनका मूल्यांकन जारी है। मई से नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी है।

छात्रों ने मांग की है कि जब तक नई व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक मौजूदा मेस पर सख्त निगरानी रखी जाए और भोजन की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

For latest news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *