Haldwani: जोहार शौका केंद्रीय समिति हल्द्वानी द्वारा आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय जोहार शौका बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य समापन 10 जनवरी को देव शटलर्स में सम्पन्न हुआ। जोहार मुनस्यारी मूल के शौका समाज की इस अनूठी प्रतियोगिता में 14 विभिन्न कैटेगरी में 8 से 83 वर्ष तक के 165 पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता की विशेष पहचान मिक्सड डबल्स स्पर्धा रही, जिसमें परिवार के सदस्यों की जोड़ियों—ससुर-बहू, मामा-भांजी, देवर-भाभी, पति-पत्नी, भाई-बहन, पिता-पुत्री—ने हिस्सा लेकर मुकाबलों को खासा रोमांचक बना दिया। यह पहल खेल के माध्यम से पारिवारिक और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश देती दिखी।
समापन समारोह में उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव श्री बहादुर सिंह मनकोटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रख्यात मैराथन धावक एवं सेवानिवृत्त उप निदेशक खेल तथा नैनीताल जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष रितेश बिष्ट मौजूद रहे। प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक दृष्टि सेंटर फॉर एडवांस्ड आई केयर और सुभानु आई हॉस्पिटल रहे।
अंडर-13 बालक/बालिका एकल में निलांश टोलिया और निरोशा रावत विजेता रहे। अंडर-17 बालक/बालिका एकल में हर्ष बर्फाल और खुशी धर्मशक्तू ने बाजी मारी। ओपन एकल पुरुष/महिला वर्ग में डॉ. कविराज मर्तोलिया और भावना रावत विजयी रहे। ओपन युगल पुरुष/महिला वर्ग में डॉ. गौरव मर्तोलिया व डॉ. हिमांशु धर्मशक्तू तथा भावना रावत व गीता निखुर्पा ने खिताब जीते। मिक्सड डबल्स में भावेश जंगपांगी और मेघा टोलिया अव्वल रहे।
विभिन्न आयु वर्गों के युगल मुकाबलों में 35+, 45+, 55+, 65+ और 70+ श्रेणियों में क्रमशः डॉ. हिमांशु धर्मशक्तू–डॉ. अमित मर्तोलिया, प्रकाश बृजवाल–धीरू धर्मशक्तू, नरेन्द्र जंगपांगी–त्रिलोक पंचपाल, डॉ. ललित टोलिया–भवान रावत तथा गोकर्ण धर्मशक्तू–डॉ. प्रहलाद मर्तोलिया विजेता बने।
प्रतियोगिता की सबसे कम उम्र की प्रतिभागी 9 वर्षीय निरोशा रावत को प्रतिभावान खिलाड़ी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कैलाश धर्मशक्तू ने किया, जबकि जोहार शौका केंद्रीय समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह जंगपांगी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
