Headlines

Haldwani: फिट उत्तराखण्ड” मिशन के तहत कुमायूँ पुलिस ने उठाया स्वास्थ्य सुधार की दिशा में बड़ा कदम

Haldwani: फिट उत्तराखण्ड” मिशन के तहत कुमायूँ पुलिस ने उठाया स्वास्थ्य सुधार की दिशा में बड़ा कदम
शेयर करे-

Haldwani: मा0 मुख्यमंत्री के “फिट उत्तराखण्ड” अभियान को सफल बनाने की दिशा में कुमायूँ पुलिस ने एक प्रभावशाली पहल की है। इस क्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र, श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने अपने क्षेत्र के समस्त जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया है कि पुलिसकर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि “फिट उत्तराखण्ड पुलिस” मिशन के तहत प्रत्येक जिले में प्रतिसार निरीक्षक (आर.आई.) को पुलिस स्वास्थ्य कल्याण अधिकारी नामित किया गया है। यह अधिकारी ऐसे पुलिसकर्मियों को चिन्हित करेंगे जो मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह जैसी बीमारियों से पीड़ित हैं, और उनकी प्रत्येक शुक्रवार को होने वाली परेड में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराकर पोषण विशेषज्ञों से उचित परामर्श दिलवाया जाएगा, जिससे उनकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

आईजी कुमायूँ ने निर्देश दिए हैं कि गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग, किडनी या लिवर फेल्योर से पीड़ित कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार अवकाश प्रदान किया जाए। इसके साथ ही, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस लाइन को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे ऐसे कर्मचारियों के परिजनों से व्यक्तिगत रूप से या दूरभाष के माध्यम से संपर्क बनाए रखें और उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर समाधान के प्रयास करें।

गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उन्हें आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जीवन रक्षक निधि से सहायता दी जाएगी, और उन्हें अच्छे अस्पतालों में रेफर किया जाएगा। संबंधित जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे अस्पतालों के प्रबंधन से समन्वय बनाकर नियमित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त, आयुष्मान या गोल्डन कार्ड के अंतर्गत उपचाररत कर्मचारियों के बिलों का समय से भुगतान कराने हेतु राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया है कि गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों की सूची रेंज कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए और इस संबंध में की गई कार्यवाही की मासिक आख्या भी समय-समय पर प्रस्तुत की जाए।

इस पहल को “स्वस्थ उत्तराखण्ड, सशक्त भारत” के मुख्यमंत्री के विजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो उत्तराखण्ड पुलिस बल के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

For latest news updates click here 

For English news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *