Headlines

Haldwani: 15 अक्टूबर तक कुमाऊं की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, आयुक्त दीपक रावत ने लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने के दिए निर्देश

Haldwani: 15 अक्टूबर तक कुमाऊं की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, आयुक्त दीपक रावत ने लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने के दिए निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: मानसून के बाद कुमाऊं मंडल की सड़कों को शत प्रतिशत गड्ढामुक्त और सुगम बनाने के लिए आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग, एनएच, पीएमजीएसवाई, यूयूएसडीए और नगर निगम समेत संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा निर्धारित 15 अक्टूबर की समय सीमा के भीतर सड़क सुधार कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता के लिए गड्ढे भरने के बजाय ऐसा पैचवर्क और पुनर्निर्माण किया जाए, जो लंबे समय तक टिकाऊ रहे। पहाड़ी क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ संपर्क और ग्रामीण सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि नैनीताल जिले में 36 मुख्य राजमार्ग एवं मुख्य जिला मार्ग गड्ढायुक्त हैं, जिनकी कुल लंबाई 992 किलोमीटर है। इन सड़कों के टेंडर हो चुके हैं और अब तक 303 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त किया जा चुका है। शेष हिस्सों में वर्षाकाल समाप्त होने के बाद पैचवर्क और हॉटमिक्स का कार्य किया जाएगा।

इसी तरह अल्मोड़ा जिले में 67, बागेश्वर में 22, पिथौरागढ़ में 36 और चंपावत जिले में 23 सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है। मंडल की इन सभी सड़कों के टेंडर हो चुके हैं और जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।

पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि योजना के तहत करीब 1500 सड़कें गड्ढायुक्त हैं। इनमें से 58 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जा चुका है, जबकि शेष सड़कों पर कार्य जारी है।

हल्द्वानी शहर में यूयूएसडीए द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम सड़क के बड़े हिस्से को एक साथ खोदकर करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से किया जाए। जिस हिस्से में लाइन बिछाने का काम पूरा हो जाए, उसे तत्काल दुरुस्त करने के बाद ही अगले हिस्से में काम शुरू किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।

नगर निगम के नगर आयुक्त ने बताया कि हल्द्वानी शहर की करीब 80 किलोमीटर आंतरिक सड़कें गड्ढायुक्त हैं, जिनमें से 8 किलोमीटर पर पैचवर्क पूरा किया जा चुका है। आवास विकास, राजपुरा और बनभूलपुरा क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही इन सड़कों पर हॉटमिक्स और पैचवर्क का कार्य शुरू किया जाएगा।

एनएच के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 168 किलोमीटर सड़कों पर पैचवर्क और हॉटमिक्स का कार्य किया जाना है। इनमें से 36 किलोमीटर पर कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 132 किलोमीटर सड़कों पर वर्षाकाल समाप्त होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।

बैठक में एनएच, लोक निर्माण विभाग, यूयूएसडीए, नगर निगम, पीएमजीएसवाई समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *