Nainital: उत्तराखंड शासन के निर्देशों के तहत पश्चिम एशिया संकट के कारण एलपीजी आपूर्ति में आई बाधाओं को देखते हुए नैनीताल जनपद में व्यावसायिक एलपीजी वितरण के लिए नई एसओपी लागू की गई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अब विवाह समारोहों के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक गैस सिलेंडर ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विवाह समारोह हेतु सिलेंडरों के आवंटन के लिए आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे, जिनका परीक्षण करने के बाद अस्थाई गैस कनेक्शन की संस्तुति की जाएगी। इस प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए जनपद की विभिन्न तहसीलों में अधिकारियों को नामित किया गया है।
तहसील नैनीताल में उप जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं हल्द्वानी, रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं, धारी, खन्स्यू, श्रीकैंची धाम और बेतालघाट तहसीलों में भी संबंधित उप जिलाधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को यह दायित्व दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आवेदनकर्ताओं से प्राप्त दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ही अस्थाई गैस कनेक्शन की संस्तुति करें और संबंधित गैस एजेंसियों को सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश जारी करें। प्रशासन का उद्देश्य सीमित संसाधनों के बीच जरूरतमंदों को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराना है।

Chief Editor, Aaj Khabar
