Bhimtal: ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने 4 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ढोलीगाँव से डानशीली-गडूडा मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूर्ण होने से मल्ली डनशिली, तल्ली डनशिली, गड़युड़ा, जान सिमलकन्या सहित कई गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
वर्षों से सड़क की मांग कर रहे इन गांवों के लोगों को अब तक मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दैनिक उपयोग का सामान ढोने से लेकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तक के लिए ग्रामीणों को घोड़े या कंधों का सहारा लेना पड़ता था। सड़क निर्माण की मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण निर्माण विभाग से डीपीआर तैयार कराकर शासन को भेजा और बजट स्वीकृत कराया।
मंत्री कैड़ा ने शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सकेगा।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे मंत्री कैड़ा का ढोलीगाँव, पजेना, तल्ला कांडा, मल्ला कांडा, कुलोंन, दिगोली, धैना, पडायल, कुकना, बजवालगांव और कैड़ागाँव में ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नए निर्माण कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।


Chief Editor, Aaj Khabar
