Haldwani: जिला विकास प्राधिकरण द्वारा सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय परिसर में भवन मानचित्र निस्तारण हेतु “स्वयं शिविर” का आयोजन किया गया। इस शिविर में उत्तराखंड जलागम परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शंकर कोरंगा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जनसमस्याओं को समझा और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
शिविर के दौरान कुल 87 भवन मानचित्रों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें से 4 वाणिज्यिक और 83 आवासीय थे। इनमें से 55 मानचित्रों की फीस मौके पर ही जमा की गई और उन्हें तत्काल जारी भी कर दिया गया।
श्री कोरंगा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने लंबित मानचित्र मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से निजात मिल सके। उन्होंने इस प्रकार के शिविरों को जनहित में उपयोगी बताते हुए नियमित रूप से आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
शिविर में विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल सहित तकनीकी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नागरिकों को मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी और आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
स्थानीय नागरिकों ने शिविर को अत्यंत उपयोगी बताया और कहा कि उन्हें मौके पर ही समाधान मिलने से न केवल समय की बचत हुई बल्कि शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


