Nainital: त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से नैनीताल जिले में जोनल, सेक्टर एवं रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण प्रसार प्रशिक्षण केन्द्र, गौलापार (बागजाला) में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 141 अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आचार संहिता के पालन में कोई ढिलाई न हो और सभी मतदान केंद्रों का समय से पूर्व निरीक्षण कर संभावित समस्याओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और समन्वय से कार्य करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने बताया कि प्रथम चरण का प्रशिक्षण 9 और 10 जुलाई को पीठासीन एवं प्रथम मतदान अधिकारियों के लिए होगा, जबकि द्वितीय चरण का आयोजन 18 व 19 जुलाई को किया जाएगा। मतगणना संबंधी प्रशिक्षण 29 जुलाई को प्रस्तावित है।
मास्टर ट्रेनर एच.बी. चंद ने विस्तारपूर्वक बताया कि जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारियां क्या हैं, रवानगी से पूर्व किस प्रकार सामग्री की जांच करनी है, और मतदान उपरांत सील्ड मतपेटियों को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित जमा करने की क्या प्रक्रिया रहेगी। उन्होंने सभी मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दें। साथ ही, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी नामित अधिकारी उपस्थित रहे और चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

