Headlines

Haldwani: भोजनमाताओं ने विधायक सुमित हृदयेश के सामने रखीं समस्याएं, समाधान और विधानसभा में आवाज उठाने का मिला भरोसा

Haldwani: भोजनमाताओं ने विधायक सुमित हृदयेश के सामने रखीं समस्याएं, समाधान और विधानसभा में आवाज उठाने का मिला भरोसा
शेयर करे-

Haldwani: भोजनमाताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों से अवगत कराया। भोजनमाताओं ने विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था संचालित करने के दौरान आने वाली परेशानियों के साथ ही कम मानदेय, अवकाश और रोजगार सुरक्षा सहित कई मुद्दे विधायक के सामने रखे।

भोजनमाताओं ने बताया कि विद्यालयों में भोजन तैयार करने और व्यवस्था संभालने के साथ कई बार उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है। उन्होंने नियमित अवकाश, आकस्मिक एवं बीमारी के दौरान अवकाश, अतिरिक्त कार्य के लिए उचित पारिश्रमिक तथा वर्षों की सेवा के बावजूद रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

भोजनमाताओं ने कहा कि कम मानदेय में परिवार की जिम्मेदारियां निभाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने लंबे समय से विद्यालयों और बच्चों के लिए सेवाएं दे रही भोजनमाताओं के लिए सम्मानजनक और स्थायी समाधान की मांग की।

विधायक सुमित हृदयेश ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भोजनमाताओं की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मुद्दा रखने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि भोजनमाताएं राजकीय विद्यालयों की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने भोजनमाताओं से जुड़ी मांगों को कांग्रेस के घोषणापत्र में शामिल करवाने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *