Ramnagar: कुमाऊँ मंडलायुक्त दीपक रावत ने सोमवार को रामनगर पहुंचकर रामनगर-हल्द्वानी नए पुल से शहीद भगत सिंह चौक होते हुए नगर पालिका क्षेत्र तक विभिन्न सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की स्थिति, यातायात व्यवस्था और सड़क किनारे जल निकासी समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सड़कों को आगामी 15 अक्टूबर तक हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत और सुधार कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर कहीं भी गड्ढे अथवा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली स्थिति नहीं रहनी चाहिए। संबंधित विभाग नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात आमजन से सीधे जुड़ा विषय है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान गोपाल सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
