Haldwani: बनभूलपुरा थाना पुलिस ने हुसैनी बैंकट हॉल में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए तीन ब्लू स्टार कंपनी के एसी आउटर और 15,600 रुपये की नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को मो. अमान निवासी किदवई नगर, बनभूलपुरा ने तहरीर देकर बताया था कि शनि बाजार रोड स्थित हुसैनी बैंकट हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे। मामले में थाना बनभूलपुरा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश चन्द्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सुरागरसी और पतारसी के बाद 27 सितंबर 2026 को गोला बायपास रोड स्थित हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक उम्र 25 वर्ष और मौ. मुस्तफा उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नगदी बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में तथा अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में की गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
