Haldwani: नैनीताल से हल्द्वानी आ रहे दो युवक रविवार को तेज बारिश के दौरान भुजियाघाट क्षेत्र में रपटे को पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आकर स्कूटी सहित बह गए। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।
पुलिस, एसडीआरएफ, फायर टीम और स्थानीय युवकों के संयुक्त प्रयास से एक युवक को तत्काल बचाकर 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। दूसरे युवक की तलाश में टीम ने अथक प्रयास किए और कुछ देर बाद उसे भी पानी से बाहर निकाल लिया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण मौके पर मौजूद सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी ने तत्काल अपने सरकारी वाहन से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों की पहचान अरुण पुत्र राकेश लाल, निवासी निकट रैमसे अस्पताल नैनीताल और अभिजीत तिवारी, निवासी बड़ा बाजार नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस की तत्परता और स्थानीय सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

